Top News

लखनऊ: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के अमेठियन पुरवा गांव में रविवार को एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय प्रशांत सिंह का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि प्रशांत को उसकी पत्नी ममता सिंह उर्फ रूचि, बहनें रूबी सिंह और बब्बी सिंह, तथा ससुर राजकरन सिंह और सास श्याम कुमारी सिंह द्वारा लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

मृतक के पिता अशोक सिंह ने थाना नगराम में तहरीर देकर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। सभी आरोपी बलरामपुर जिले के गैडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के दुधरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों—7 वर्षीय हार्दिक और 4 वर्षीय यश—को छोड़ गया है।

👉 पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post