विजय संवाददाता
लखनऊ। राजधानी में देर रात तक संचालित होने वाले क्लबों पर पुलिस प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। विभूति खंड थाना क्षेत्र स्थित साइबर हाइट बिल्डिंग में संचालित क्लबों को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार, दो क्लबों के लाइसेंस निरस्त करने संबंधी रिपोर्ट आबकारी विभाग को भेजी गई है, जबकि अन्य क्लबों के संचालन की समय सीमा कम किए जाने की भी तैयारी चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, साइबर हाइट बिल्डिंग में संचालित क्लबों के देर रात तक संचालन को लेकर पुलिस स्तर से रिपोर्ट तैयार की जा रही है। खास तौर पर जलवा और बिग डैडी जैसे क्लबों की समय सीमा में कटौती किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर क्लब वाइब का लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है। वहीं क्लब मर्लिन के संचालन की समय सीमा भी पुलिस रिपोर्ट के आधार पर पिछले माह जुलाई में रात 2 बजे से घटाकर रात 12 बजे तक कर दी गई थी।
अब विभूति खंड क्षेत्र के अन्य क्लबों की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर है। देर रात तक संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की तैयारी बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आबकारी विभाग आगे क्लबों के लाइसेंस और संचालन संबंधी कार्रवाई पर निर्णय ले सकता है। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले क्लबों पर और सख्ती देखने को मिल सकती है।
(खबर सूत्रों और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। संबंधित विभाग की आधिकारिक पुष्टि आने पर जानकारी अपडेट की जाएगी।)
Post a Comment