समीर नकवी की रिपोर्ट
लखनऊ | 20 अप्रैल 2026
राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए बच्ची के चेहरे को तेजाब से जला दिया गया और शव को बाराबंकी की शारदा नहर में फेंक दिया गया।
🔴 कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन की क्राइम और सर्विलांस टीम ने थाना चिनहट पुलिस के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश किया।
16 अप्रैल 2026 को आरोपी पिता द्वारा अपनी बेटी के लापता होने की ऑनलाइन शिकायत (IGRS) दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और कॉल डिटेल्स व पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
🔴 पिता ने ही रची थी साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी पिता विजय कुमार चौबे ने अपने साथी अब्दुल मन्नान के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी।
13 अप्रैल को वह अपनी बेटी को झाड़-फूंक के बहाने घर से बाहर ले गया और कार से बाराबंकी की ओर निकल गया।
🔴 सुनसान जगह पर की गई हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रात के समय सुनसान जगह पर कार रोककर दोनों ने मिलकर बेटी का गला दबाया। विरोध करने पर भी उन्होंने तब तक गला घोंटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
🔴 पहचान मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को शारदा नहर के पास ले जाकर फेंकने से पहले उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके।
🔴 ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर आरोपी पिता और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार (UP32ST1780) और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
🔴 आरोपी ने कबूला गुनाह
पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि वह बेटी के व्यवहार से परेशान था और समाज में बदनामी के डर से उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
🔴 दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है
Post a Comment