Top News

होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े का पर्दाफाश, बायोमेट्रिक जांच में पकड़ा गया आरोपी

होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े का पर्दाफाश, बायोमेट्रिक जांच में पकड़ा गया आरोपी

एटा। जनपद के एटा में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। थाना सकीट क्षेत्र के डीएवी इंटर कॉलेज में चल रही परीक्षा के दौरान एक युवक फर्जी प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन गेट पर ही उसकी चालाकी पकड़ ली गई।

परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों द्वारा जब अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच की गई तो आरोपी का डेटा सिस्टम से मेल नहीं खाया। इसके बाद बारकोड स्कैन किया गया, जिसमें रिकॉर्ड “नॉट फाउंड” दिखा। संदेह होने पर मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से फर्जी प्रवेश पत्र और आधार कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह फर्जी दस्तावेज एक लोकवाणी जन सेवा केंद्र संचालक द्वारा तैयार किए गए थे, जो पैसे लेकर इस तरह का खेल कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और कितने अभ्यर्थियों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी की गई है।

इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया को और सख्त कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

रिपोर्ट: हिमांशु तिवारी

Post a Comment

أحدث أقدم